कैसे चलाएं घर, महंगाई में गुजारा करना हुआ मुश्किल”, चंडीगढ़ की सड़कों पर उतरे कैब ड्राइवर्स

चंडीगढ़ :एग्रीगेटर पॉलिसी को जल्द लागू करने की मांग को लेकर चंडीगढ़ के कैब ड्राइवरों का धरना लगातार नौवें दिन भी जारी रहा. सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में बड़ी संख्या में कैब चालक जमा होकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक एग्रीगेटर पॉलिसी को जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.परिवार का खर्च चलाना हुआ मुश्किल :

प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों का आरोप है कि पॉलिसी को मंजूरी मिले करीब एक साल हो चुका है, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया. इसका सीधा असर कैब चालकों की आय पर पड़ रहा है. उनका कहना है कि मौजूदा समय में उन्हें करीब 10 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान मिल रहा है, जबकि बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के बीच इस राशि में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है.किश्तें भरना भी हुआ मुश्किल :कैब चालकों ने बताया कि पिछले कुछ समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा वाहन रखरखाव, बीमा और अन्य खर्च भी लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में कम किराए पर काम करना उनके लिए आर्थिक रूप से नुकसानदायक साबित हो रहा है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई चालक वाहन लोन पर लेकर काम कर रहे हैं और मौजूदा कमाई में गाड़ियों की मासिक किश्तें भरना भी मुश्किल हो रहा है.

उनका कहना है कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो कई ड्राइवरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है.एग्रीगेटर पॉलिसी लागू होने से उचित पारिश्रमिक मिलेगा :कैब यूनियन से जुड़े लोगों ने कहा कि एग्रीगेटर पॉलिसी लागू होने से किराया निर्धारण और ड्राइवरों के अधिकारों को लेकर स्पष्ट व्यवस्था बनेगी, जिससे उन्हें उचित पारिश्रमिक मिल सकेगा. उन्होंने प्रशासन से जल्द बातचीत कर पॉलिसी लागू करने की मांग की. धरने पर बैठे ड्राइवरों ने साफ कहा कि ये उनके अस्तित्व और रोज़गार की लड़ाई है. जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!