
कुल्लू बागन के पास एक बेहद दुखद सड़क हादसा पेश आया है। यहाँ सवारियों से भरी एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक घटना में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में से दो की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग मतदान करने के उपरांत शिरड़ मेला देखने के लिए जा रहे थे। रास्ते में बागन के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में समा गया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम भी घटनास्थल परपहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं बेधर गांव की निवासी थीं: मैना देवी (37), पत्नी देवी सिंह, कलावती (40), पत्नी सुरेंदर, काली देवी (35), पत्नी बुद्धि सिंह है। हादसे में घायल हुए लोगों में जय सिंह (43), माला देवी (39), अंजू (26), कमला (35), अयांश ठाकुर (6), तारा ठाकुर (25), प्रोमिला देवी (35), चित्रु देवी (37) औरसावित्रा (43) शामिल हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल अयांश ठाकुर और तारा ठाकुर को बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रैफर कर दिया गया है।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। इस दुखद समाचार के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों की आत्मा की शांति व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
